दुकान से 50 हजार रुपये चोरी कर दो कर्मचारी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। मनजीत क्रेन सर्विस पर काम करने वाले दो युवकों ने उनके ही ऑफिस के गल्ले में रखे 50 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव किशनपुरा निवासी मनजीत ने कहा कि उसने रोहतक रोड बाईपास पर मनजीत क्रेन सर्विस के नाम से ऑफिस खोला हुआ है। उसके पास बिहार के जिला दुर्गागंज कटिहार जिला के गांव परभेली निवासी मुन्ना शर्मा और मनोज काम करते हैं। रात को वह ऑफिस में था। मुन्ना शर्मा और मनोज क्रेन को लेकर गए हुए थे। रात को लगभग दो बजे वह घर चला गया । मुन्ना शर्मा व मनोज दोनों ऑफिस में ही थे। मनजीत ने कहा कि अपने ऑफिस में रखी मेज की दराज में 50 हजार रुपये रखे थे। जब वह सुबह आया तो पैसे नहीं मिले और न ही मुन्ना और मनोज मिले। पुलिस ने मनजीत की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।