बाइक सवार ने खेत में जा रहे किसान को मारी टक्कर, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव राजपुरा भैण में सुबह साढ़े 4 बजे अपने खेत में जाते समय एक किसान को पीछे से एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन- फानन में नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपकर उसके चचेरे भाई की शिकायत पर गांव के ही एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव राजपुरा भैण निवासी वीरेंद्र ने कहा है कि सुबह साढ़े चार बजे उसके ताऊ का लड़का 50 वर्षीय सत्यवान खेत में पानी लगाने के लिए जा रहा था। उसी समय गांव का ही रमेश भी बाइक पर खेत की तरफ जाने लगा। रमेश ने अपनी बाइक लापरवाही से चलाते हुए उसके भाई सत्यवान को पीछे से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। वीरेंद्र ने कहा कि वह अपने भाई को गंभीर अवस्था में नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वीरेंद्र की शिकायत पर रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।