अमर उजाला ब्यूरो
जींद। पटियाला चौक से रेलवे स्टेशन की तरफ जा निडानी निवासी रामभगत से मंगलवार रात तीन युवकों ने चाकू की नोक पर कपड़ों से भरा हुआ बैग व 2300 रुपये की नगदी समेत अन्य सामान लूट लिया। गांव निडानी निवासी रामभगत ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह रात को ट्रेन पकड़ने के लिए वैष्णो देवी जाने के लिए बाइक लेकर निकला था। बाइक उसने अपने दोस्त पटियाला चौक निवासी अर्जुन को दे दी और वह पटियाला चौक से पैदल ही रेलवे स्टेशन की तरफ जाने लगा। कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही तीन युवकों ने उसे चाकू के बल पर काबू कर लिया और उससे कपड़ों से भरा बैग, पर्स छीन लिया। पर्स में 2300 रुपये की नगदी, जरूरी कागजात थे। युवकों ने रामभगत से उसका मोबाइल भी छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद रामभगत पुलिस चौकी पहुंचा और घटना के बारे में पुलिस तथा परिजनों को अवगत करवाया। बाद में पुलिस ने तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने रामभगत की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ छीना झपटी का मामला दर्ज किया है। पटियाला चौकी प्रभारी यशवीर ने बताया कि रात को राहगीर ने घटना की सूचना दी थी। जिस पर पुलिस तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं लगा।