बिना तलाक लिए युवक ने कर ली दूसरी शादी
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। भिवानी रोड स्थित विकास नगर निवासी एक युवक ने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी कर ली। जब पहली पत्नी ने विरोध किया तो उसने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी गई। पहली पत्नी ने अब अदालत में याचिका दायर की है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
19 वर्षीय महिला ने अदालत में दायर याचिका में कहा कि दिसंबर 2018 में उसकी शादी भिवानी रोड के विकास नगर निवासी सतीश के साथ हुई थी। शादी के बाद सतीश अधिकतर समय बाहर ही रहता था। महिला ने कहा कि उसे अब पता चला कि सतीश ने विधवा पूनम से शादी कर ली है। जब उसने विरोध किया तो सतीश ने उसके साथ मारपीट की। उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोप लगाया कि इसमें सतीश के पिता बारूराम, माता प्रीतो देवी, संदीप, सुनील, सरोज आदि ने भी साथ दिया है। पुलिस ने अब अदालत के आदेश पर सतीश तथा पूनम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।