कार का शीशा को तोड़कर 45 हजार रुपये की नकदी उड़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव निर्जन स्थित स्वामी राघवानंद के डेरे में खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर कुछ अज्ञात इसमें रखे 45 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने कार मालिक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव निर्जन निवासी राकेश कुमार ने कहा कि वह प्रतिदिन की तरह अपनी कार को स्वामी राघवानंद के डेरे में ही खड़ी करता था। सुबह जब वह कार लेने के लिए डेरे में गया तो उसकी कार का सामने वाला शीशा टूटा हुआ मिला। जब उसने कार में रखी 45 हजार रुपये की नकदी की जांच की तो वह गायब मिली। राकेश कुमार ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने राकेश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।