अमर उजाला ब्यूरो
जींद। दो माह पहले गांव खरक रामजी निवासी दो भाइयों पर हत्या की नियत से गोली चलाने के आरोपी गांव खरक रामजी निवासी अजय उर्फ निलमा को सीआईए टीम ने गांव रधाना के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अजय से पास से तीन पिस्तौल व पांच कारतूस बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अजय उर्फ निलमा आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ जींद शहर व सदर थाना में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट व लड़ाई-झगड़े के आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगभग दो माह पहले अजय ने गांव खरक रामजी निवासी दो भाइयों पर हत्या की नियत से गोली चलाकर मारने की घटना को अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था, जिसमें सात आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। निलमा ने पूछताछ में बताया कि उसे तोशाम के गांव खेड़ी जाटान निवासी मनोज दांगी के भाई पर पैसों के लेने-देन के मामले में हमला करना था।