अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। गांव भुरायण मेें प्लाट को लेकर हुए दो पक्षों में झगड़े का मामला सोमवार को डीएसपी कार्यालय पहुंच गया। सफीदों डीएसपी कार्यालय मेें एक पक्ष के पीड़ित लोगों ने पिल्लूखेड़ा पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। एक पक्ष करीब 10 दिन के बाद रोहतक पीजीआई से एंबुलेंस के साथ सीधा डीएसपी कार्यालय पहुंचा और महिलाओं की दर्दनाक हालत को दिखाया। डीएसपी सुनील कुमार ने लोगों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले की जांच कर रहे है। दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अमल मेें लाई जाएगी। वहीं पीड़ित पक्ष की महिला सुमित्रा व लड़की मानसी ने बताया कि नौ दिसंबर को प्लाट में जाते हुए गांव के ही करतार, जयभगवान, कृष्णा, प्रमीला, मीनू, कुलदीप, पिंकी और मनजीत ने उन पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया था। इसमें वे बाल-बाल बच गए, लेकिन पुलिस है कि दो पक्षों पर मामला दर्ज कर समझौते का दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि अब डीएसपी साहब से ही उम्मीद है कि वह ही उन्हें इंसाफ दिलाए। वहीं डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों का झगड़ा हुआ था। जिसमें दोनों पक्षों से ही शिकायतें आई तो दोनों पक्षों के लोगों पर ही मामला दर्ज किया गया है। अभी पुलिस जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा कार्रवाई कर दी जाएगी।