अमर उजाला ब्यूरो
जींद। मध्यप्रदेश के किसानों के आंदोलन के समर्थन और प्रदेश के किसानों की कर्ज माफी की मांग को लेकर जींद-हिसार मार्ग को बाधित कर किसानों ने बुधवार को योग किया था। मामले में पुलिस ने 12 किसानों को नामजद करके 80 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और मार्ग बाधित करने का केस दर्ज किया है। 21 जून को भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर जिले के किसानों ने गांव रामराये में किसानों ने जींद-रोहतक मार्ग बाधित कर सड़क के बीच में योग किया था। किसानों ने इस दौरान जींद-हिसार मार्ग को लगभग एक घंटे तक बाधित रखा था। इसके बाद किसानों ने अपने आप ही मार्ग को खाली कर दिया था। हालांकि इस दौरान पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने विरोध स्वरूप मार्ग बाधित कर योग किया था। पुलिस ने सदर थाने में कार्यरत एएसआई रामधरी की शिकायत पर किसान नेता गांव कंडेला निवासी रामफल कंडेला, गांव घिमाना निवासी महेंद्र सिंह घिमाना, गांव राजपुरा भैण निवासी रामरुप, रामफल, फलिया, प्रकाश, हवासिंह, प्रकाश, गांव पोकरीखेड़ी निवासी रामराजी, गांव गुलकनी निवासी रामफल, गांव ईक्कस निवासी मोहित, गांव कंडेला निवासी छज्जू को नामजद करके 80 अन्य के खिलाफ मार्ग बाधित करने का केस दर्ज किया है।
हठयोग करना पड़ा भारी, 92 किसानों पर केस दर्ज
किसानों ने जींद-हिसार मार्ग किया था बाधित, सदर थाना पुलिस ने दर्ज किया केस