डंडों के बल पर चार युवकों ने बैंक एजेंट से लूटे पचास हजार रुपये और लैपटॉप
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। मंगलवार दोपहर गांव गढ़ी-पीपलथा रोड पर नहर के पास बैंक के एजेंट से चार युवक डंडों के बल पर बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में लैपटॉप व 50 हजार रुपये थे। पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गढ़ी गांव निवासी गुरभजन पीपलथा के पीएनबी में एजेंट है। वह मंगलवार को बैंक में जा रहा था। गढ़ी और पीपलथा गांव के बीच नहर के पास चार बाइक सवार युवकों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। उससे मारपीट करके उसका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब पचास हजार रुपये व लैपटॉप था। गुरभजन ने तुरंत गढ़ी पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। कई स्थानों पर नाकेबंदी करके जांच की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लुटेरों का अता पता नहीं लग पाया था। गढ़ी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी करके जांच की। फिलहाल कोई सुराग नहीं लग पाया। उन्होंने उम्मीद जताई की जल्द ही लुटेरों की शिनाख्त कर ली जाएगी।