अमर उजाला ब्यूरो
जींद। सुभाष नगर रोहतक रोड पर मकान बेचने का झांसा देकर एक महिला से 44 लाख रुपये हड़पने के आरोप में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया कि उससे मकान का पूरी पेमेंट लेकर बैंक से लोन ले लिया और उसको गुमराह रखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डिफेंस कॉलोनी निवासी शीला देवी ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मई 2015 में उसके पास सुभाष नगर निवासी दीपक गर्ग अपने परिवार के लोगों के साथ आए और उन्होंने बताया कि वह अपने मकान को बेच रहे हैं। इसके बाद मकान का सौदा 44 लाख रुपये तय हो गया। इस दौरान उसने मकान की पूरी पेमेंट दे दी और एग्रीमेंट भी करवा लिया। आरोपियों ने 28 जुलाई 2015 को मकान की रजिस्टरी करवाने की बात कही, लेकिन तय समय के दौरान रजिस्टरी नहीं करवाई। बाद में पता चला कि आरोपियों ने करनाल के एक बैंक से उस मकान के ऊपर 38 लाख रुपये का लोन ले रखा है। इस कारण उसकी रजिस्टरी नहीं हो सकती है। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसको धोखे में रखकर उसकी राशि को हड़पा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुभाष नगर निवासी दीपक गर्ग, सरोज देवी, सुरेश गर्ग, पवन कंसल, संदीप कंसल, आशीष जैन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मकान बेचने का झांसा देकर महिला से हड़पे 44 लाख
छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज