अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। बुधवार देर रात पड़ाना गांव के पास दो बदमाशों ने एक कार को रुकवाने का प्रयास किया। चालक ने कार नहीं रोकी तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली कार के शीशे को चीरते हुई डेस्क बोर्ड पर जा लगी। कार में सवार दो युवक बाल-बाल बच गए। जुलाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात जैजैवंती गांव का पवन कार में सवार होकर अपने भाई रविंद्र को जींद रेलवे स्टेशन से लेने गया था। देर रात जब वह रेलवे स्टेशन से अपने भाई को लेकर कार में सवार होकर घर आ रहा था तो पड़ाना गांव के पास एक कार सड़क किनारे खड़ी थी। दो युवक भी कार के पास ही मौजूद थे। इनमें से एक युवक ने कार को रुकवाने का प्रयास किया। पवन ने कार रोकी नहीं। इसके बाद उनमें से एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली कार के शीशे को चीरती हुई कार के डेस्क बोर्ड में जा लगी। इस हादसे में पवन और उसका भाई रविंद्र बाल-बाल बच गए। पवन ने इसकी शिकायत जुलाना पुलिस को दी।