जींद। रामबीर कॉलोनी के एक मकान से अज्ञात लोग लाखों रुपये के जेवरात और 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में रामबीर कॉलोनी निवासी नरेश कुमार ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में रोहतक जिले के गांव मकड़ौली में गया हुआ था। मंगलवार सुबह जब वह वापस घर आया तो उसके मकान के ताले टूटे पड़े थे। जब उसने मकान के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। नरेश कुमार ने कहा कि जब उसने घर में सामान की जांच की तो घर से तीन सोने की अंगूठी, एक गले का सेट, दो चांदी की पाजेब, बच्चों के चांदी के कड़े, चांदी की चेन और 15 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। उसने आसपास अपने सामान की तलाश करते हुए पड़ोसियों से पूछताछ की लेकिन उसके सामान का कोई सुराग नहीं लगा। शहर थाना पुलिस ने नरेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।