एटीएम जेब में होने के बावजूद किसान के खाते से निकाले साढे़ 24 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव निडाना निवासी एक किसान के खाते से अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम से 24 हजार पांच सौ रुपये निकाल लिए जबकि एटीएम कार्ड किसान की जेब में ही था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निडाना निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उसका रोहतक रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में खाता है। उसके मोबाइल पर उसके खाते से 10 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इसके बाद दस हजार व उसके बाद 4500 रुपये। जब वह बैंक में गया बैंक अधिकारियों ने बताया कि उसके खाते से 24 हजार पांच सौ रुपये एटीएम द्वारा निकाले गए हैं। सुरेंद्र ने कहा कि उसका एटीएम तो उसके पास है, फिर पैसे कैसे निकले। इस पर बैंक अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने सुरेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।