अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
तीन दिन पहले हिसार जिले के गांव पुट्ठी से लापता हुए किसान का शव जुलाना थाना क्षेत्र के गांव करसोला के राजकीय स्कूल के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला है। शव फंदे पर लटका होने की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार करसोला गांव के लोगों ने सोमवार देर शाम को देखा कि स्कूल के निकट ही पेड़ से एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटक रहा है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो उसकी जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान गांव पुट्ठी निवासी 50 वर्षीय सुंदर के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि सुंदर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और दो दिन पहले घर से लापता हो गया था। उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।