मोबाइल ठीक करवाने गए दो युवकों पर चाकुओं से हमला
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। झांझ गेट पर मोबाइल ठीक करवाने पहुंचे दो युवकों पर तीन अन्य युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया। एक युवक ने देसी पिस्तौल भी लहराया। दोनों युवकों को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुए एक युवक को काबू कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में भटनागर कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय हर्ष ने कहा कि वह अपने दोस्त अभिषेक के साथ झांझ गेट पर स्थित एक मोबाइल की दुकान में मोबाइल ठीक करवाने गया था। इसी दौरान हिसार जिले के गांव नाड़ा निवासी अमन, करसोला निवासी राकेश लाठर व भिवानी रोड जींद निवासी प्रदीप पहलवान आए और आते ही दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया। इनमें से एक युवक ने देसी पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। हमला होते ही मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को देखकर आरोपी तीनों युवक फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नाड़ा गांव निवासी अमन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।