जींद। भिवानी रोड रेलवे फाटक पर न रहा अंडरपास लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। रेलवे की तरफ से काम रुका है, जबकि एचएसआरडीसी ने दावा किया है कि कि काम जारी है।
लोगों का कहना है पिछले सात माह से काम शुरू नहीं हो पाया है। इससे वह घरों में कैद हो गए हैं। खासकर बारिश होेने पर उन्हें ज्यादा परेशानी होती है। अंडरपास बनाने के लिए खोदी गई जगह में पानी भरने से उनके घरों में दरारें आने लगी हैं। इस काम को पूरा करने की अंतिम तिथि अगस्त माह में थी, लेकिन ठेकेदार के काम नहीं करने से अभी और समय लगेगा। लोगों ने कहा कि उन्होंने कई बार प्रशासन से भी गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोग काम जल्द पूरा करवाने के लिए प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
रेलवे लाइन के दोनों ओर इसका निर्माण कार्य हरियाणा स्टेट रोड एंड ब्रिज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचएसआरडीसी) करवा रहा है। रेलवे लाइन के नीचे का निर्माण रेलवे की ओर से करवाया जाएगा। काम बंद होने के कारण सात माह पहले अंडरपास की दीवार बनाने के लिए की गई खोदाई के कारण लोगों के मकानों में दरारें भी आ गईं। अब बारिश का पानी इसमें भर गया है। इससे लोग घरों में कैद हो गए हैं। हालांकि पानी निकालने का काम शुरू कर दिया गया है, पर अब कीचड़ यहां परेशान करेगा। लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलने के लिए सीढि़यां लगा रखी हैं। पहले यह काम मार्च 2024 तक पूरा करना था, मगर वह नहीं हो पाया। इसके बाद इसकी डेडलाइन बढ़ाकर अगस्त तक कर दी गई।
2015 में हुई थी घोषणा, 9 साल बीता पर काम नहीं हुआ पूरा
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने 2015 में भिवानी रोड पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने की घोषणा की थी। तीन साल तक योजना कागजों में दबी रही। 2018 में आरओबी की प्रक्रिया शुरू की गई। कंस्ट्रक्शन कंपनी ने यहां आरओबी बनाने की टेस्टिंग शुरू कर दी थी, लेकिन तभी आसपास के लोगों और दुकानदारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया और यहां अंडरपास बनाने की मांग की। बाद में सरकार ने यहां पर अंडरपास बनाने की मंजूरी दे दी। दिसंबर 2022 में इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।
10 कॉलोनियों का रास्ता बंद
भिवानी रोड रेलवे फाटक पर आने वाली दस कॉलोनियों के लोगों को अंडरपास का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण ज्यादा परेशानी हो रही है। अजमेर बस्ती, खेम नगर, बाल आश्रम बस्ती, भूपेंद्र नगर, गुप्ता कॉलोनी समेत आसपास की कॉलोनियों को लोगों को दूसरे रास्ते से अपनी कॉलोनियों में जाना पड़ता है।
घरों से निकलना हो रहा मुश्किल
खेम नगर निवासी प्रवीन देवी, सुरेश कुमार, बिमला देवी, अजमेर बस्ती निवासी रामकिशन, विरेंद्र जैन ने कहा कि वह अपने घर से भी नहीं निकल पा रहे हैं। यहां पानी भरा हुआ है। इसके अलावा कीचड़ होने के कारण बाहर निकलने का रास्ता भी नहीं बचा है। वह सीढ़ी लेकर आए, ताकि घर से नीचे उतरा जा सके। अंडरपास की जो दीवार बनाई गई है, उसके बीच-बची जगह काफी नीचे है। इस कारण उनका नीचे उतरना मुश्किल हो रहा है। पिछले सात महीने से काम रुका हुआ है। यदि समय पर काम हो जाता तो उनको कुछ परेशानी होती, लेकिन काम रुकने के कारण उनको लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। वह अपने मकानों को बेच भी नहीं सकते, क्योंकि यहां कोई घर खरीदने के लिए तैयार नहीं है। यदि काम शुरू नहीं हुआ तो वह लोग यहां धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।
हरियाणा स्टेट रोड एंड ब्रिज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की तरफ से काम नहीं रुका है। रेलवे लाइन के दोनों तरफ बन रहे अंडरपास का निर्माण कार्य जारी है। काम केवल रेलवे की तरफ से रुका हुआ है। रेलवे अधिकारियों से भी बातचीत की गई थी। उन्होंने जल्द काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। लोगों की परेशानी के बारे में भी पता है, इसलिए काम जल्द पूरा करने की कोशिश की जा रही है। -शशांक कुमार, डीजीएम, एचएसआरडीसी।