जींद। राम कॉलोनी निवासी राजीव के बैंक खाते से 50,353 रुपये निकल लिए। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो किसी के साथ ओटीपी साझा किया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद खाते से दो बार में राशि कट गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में खाता है और उसमें मोबाइल नंबर जुड़ा हुआ है। 28 सितंबर को उनके मोबाइल पर 353 रुपये कटने का संदेश आया। संदेश के अनुसार, फोन-पे के माध्यम से एक मोबाइल नंबर पर रिचार्ज किया गया था।
इसके बाद एक अक्तूबर को खाते में वेतन आने के बाद उसी दिन यूपीआई के जरिए 50 हजार रुपये निकल गए। राजीव ने आशंका जताई कि किसी ने उसका मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकाली है। सोमवार को जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस खाते से रकम निकलने के मामले की जांच कर रही है।