कोरोना वायरस के संक्रमण से जींद भी नहीं रहा अछूता, जमाती मिला पॉजिटिव
27 वर्षीय युवक तब्लीगी जमात में भाग लेकर 18 मार्च को पहुंचा था जींद
पानीपत से जिस ट्रेन में जींद आया था युवक उस ट्रेन में सफर करने वालों से जांच करवाने की अपील
चार लोगों की रिपोर्ट आनी अभी भी बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण से अछूता रहा जींद जिला भी इसकी चपेट में आ गया है। गांव निडानी निवासी 27 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। युवक 16 से 18 मार्च तक निजामुदीन तब्लीगी जमात में शामिल हुआ था। 18 मार्च को वह पानीपत से जींद तक ट्रेन से आया था। प्रशासन ने उसके संपर्क में आए 19 लोगों को घर में ही क्वारंटीन किया है। युवक को जींद नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। चार लोगों की रिपोर्ट अभी भी आनी है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने निडानी गांव की एक बस्ती को सील कर दिया है।
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने बताया कि एक अप्रैल को जींद में तब्लीगी जमात से लौट आठ लोगों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया था। शनिवार को इन सभी का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। इनमें से निडानी गांव का रहने वाला 27 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। एक अप्रैल को इस युवक को गंगापुत्रा आयुर्वेदिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। चार अप्रैल को उसको सैंपल के लिए नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाया गया था। सोमवार दोपहर बाद युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब इसे अन्य लोगों से अलग कमरे में आइसोलेट किया गया है। इसके साथ संपर्क में आए अन्य 19 लोगों को चिह्नित किया गया है। इन सभी को घर में ही क्वारंटीन किया गया है।
बॉक्स
घर से 13 फरवरी को पहले गया था उत्तराखंड
प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि युवक 13 फरवरी को अपने गांव से उत्तराखंड गया था। वहां पर वह 40 दिन रुका था। इसके बाद 16 मार्च को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। इसके बाद वह 16 से 18 मार्च तक दिल्ली में तब्लीगी जमात में रहा। 18 मार्च को सुबह साढ़े सात बजे दिल्ली से ट्रेन पकड़कर पानीपत आया था। पानीपत से रात साढ़े आठ बजे चली ट्रेन से जींद के लिए रवाना हुआ। रात को साढ़े 10 बजे युवक जींद स्टेशन पहुंचा और यहां से बाइक पर सवार होकर गांव चला गया। डीसी ने बताया कि 18 मार्च को इसे घर में क्वारंटीन किया गया था। इस युवक को न तो बुखार है और न ही किसी प्रकार की कोई बीमारी। उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि जिन लोगों ने 18 मार्च को पानीपत से रात साढ़े आठे बजे जींद आने वाली ट्रेन से यात्रा की है और उनको बुखार, खांसी या जुकाम की शिकायत है तो वे तुरंत नागरिक अस्पताल में अपनी जांच करवाएं।
बॉक्स
तीन किलोमीटर तक का क्षेत्र कन्टेंमेंट जोन में
डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि निडानी गांव के युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से गांव को सैनिटाइज किया है। तीन किलोमीटर के क्षेत्र को कन्टेंमेंट जोन (एक तरह से सील) घोषित किया है। इसमें किसी भी व्यक्ति को अंदर तथा बहार जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पांच किलोमीटर का क्षेत्र बफर जोन (बहुत जरूरी कार्य से बाहर जाना) घोषित किया गया है। इसमें केवल बहुत जरूरी कार्य से ही व्यक्ति प्रशासन की अनुमति से बाहर जा या आ सकता है। पूरे गांव में राशन की व्यवस्था तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था प्रशासन की तरफ से की जाएगी। गांव में केवल पुलिस या चिकित्सकों को ही जाने की अनुमति होगी। प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। उन्होंने निडानी और अन्य जिले के लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
फोटो कैप्शन
06जेएनडी 61 : नागरिक अस्पताल में स्थित आइसोलेशन वार्ड।
06जेएनडी 62 : गांव को जाने वाले रास्ते पर खड़े स्वास्थ्य व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के आदमी।