चमेला कॉलोनी में बनाई जा रही एक गली के लेवल को लेकर मंगलवार को नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरविंद बाल्याण व लोगों के बीच विवाद हो गया। इसके कारण कई घंटों तक नगर परिषद कार्यालय में घमासान बना रहा। इस दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी व चमेला कॉलोनी गली के लोगों में कहासुनी भी हुई। इसको देखते हुए जब ईओ अपने कार्यालय से बाहर निकलने लगे तो महिलाओं ने उनकी गाड़ी रोककर विरोध जताया। गली के लोगों न ईओ के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। इसके बाद ईओ अपनी गाड़ी नगर परिषद में ही छोड़कर बाहर चले गए।
कॉलोनी के लोगों के विरोध को देखते हुए उनको शांत करवाया गया, लेकिन कई घंटे इंतजार करने के बाद भी ईओ वापस नहीं आए। इसके चलते लोग अपने घर लौट गए। लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारी मिलीभगत कर गली का लेवल बिगाड़ रहे हैं। गौरतलब है कि नगर परिषद द्वारा चमेला कॉलोनी में एक गली बनाई जा रही है। लेवल को लेकर गली के लोगों की आपसी सहमति नहीं होने के कारण काम अधर में लटका हुआ है। पिछले दिनों नप द्वारा काम दोबारा शुरू किया गया तो कुछ लोगों ने कोर्ट में दावा करके स्टे ले लिया। इसके बाद एक बार फिर काम रूक गया। अब मामला कोर्ट में चला हुआ है। इसी समस्या को लेकर कालोनी के लोगों ने एक बार 28 अगस्त को सड़क मार्ग भी जाम किया था।
नगर परिषद नहीं कर रहा पैरवी
कॉलोनी निवासी सत्यनारायण, सुमन, राजकुमार, होशियार सिंह, संतरो, सुनीता, संतोष, सोनिया ने बताया कि गली के कुछ लोगों के मकान ऊंचे हैं। इसके कारण लेवल समस्या को लेकर गली नहीं बन रही है। कुछ लोगों ने कोर्ट में स्टे लेकर गली पर रोक लगा दी। कोर्ट में दो तारीख लग चुकी हैं और छह नवंबर को तीसरी तारीख है। नगर परिषद द्वारा अभी तक कोई पैरवी नहीं की गई है। इसके चलते मंगलवार को गली के लोग नगर परिषद पहुंचे।
उच्च अधिकारियों से शिकायत की है : चेयरपर्सन
कार्यकारी अधिकारी की कार्यप्रणाली से लोग परेशान हैं। कई बार शिकायत भी आ चुकी हैं। इसको लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। ईओ द्वारा सरकारी फाइल घर पर ले जाना गलत है। नगर निकाय के अतिरिक्त मुख्य सचिव व डीसी को लिखित में शिकायत दी गई है।
सुनीता चोपड़ा, चेयरपर्सन, नरवाना नगर परिषद।
एक अधिकारी पर इस प्रकार आरोप लगाना गलत है। एमई ने फाइल दी थी और फाइल घर पर रखी हुई है। दावा बनाकर जल्द पेश किया जाएगा। नगर परिषद से कोई फाइल गायब नहीं है।
अरविन्द बाल्याण, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नरवाना