जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। मौत का भी आंकड़ा भी कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को कोरोना की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि 411 नए संक्रमण मिले। मई महीने के चार दिनों में 47 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 1402 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
मंगलवार को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में उचाना निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति, कृष्णा कॉलोनी जींद निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति, गांधी नगर निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हिसार के एक निजी अस्पताल में तांगा चौक निवासी 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज खानपुर में भी नरवाना निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। नागरिक अस्पताल जींद में जुलाना निवासी 72 वर्षीय महिला, राजपुरा भैण निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति, सोनीपत निवासी 52 वर्षीय महिला, गामड़ा निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा 66 वर्षीय जुलाना निवासी एक महिला की कैथल के नागरिक अस्पताल में भी मौत हुई है। जिले में अब तक 251 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में अब तक 14657 लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 11782 लोग ठीक हो चुके हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक केवल 214 लोगों की मौत हुई है जबकि संक्रमितों की संख्या 2661 है।
मई महीने के चार दिनों में 1402 संक्रमित, 47 की मौत
अप्रैल महीने के बाद मई महीना भी संक्रमण के मामले में काफी भारी साबित होता जा रहा है। पिछले चार दिनों में ही अब तक 1402 लोग संक्रमित मिल चुके हैं जबकि 47 लोगों की मौत हुई है। एक मई को 305 नए संक्रमित जबकि 15 लोगों की मौत, दो मई को 374 नए संक्रमित जबकि 11 की मौत, तीन मई को 312 नए संक्रमित तथा 11 लोगों की मौत जबकि चार मई को 411 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और 10 लोगों की मौत हुई है। अप्रैल महीने के पहले चार दिनों में 255 संक्रमण के मामले सामने आए थे जबकि दो लोगों की मौत हुई थी।
लोगों को धैर्य और सावधानी बरतनी होगी
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि यह संकट का समय है। इसलिए लोगों को धैर्य व संयम से काम लेना होगा। इसके अलावा सावधानी भी बरतनी होगी। लॉकडाउन का पूरा पालन करना होगा, तभी हम इस महामारी से निजात पा सकते हैं।