जुलाना। क्षेत्र के करसोला गांव में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही पेयजल सप्लाई इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पेयजल सप्लाई में गंदा पानी आ रहा है। इस कारण ग्रामीणों को 15 रुपये प्रति कैंपर रखवाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके।
ग्रामीणों नरेंद्र लाठर, मोनू, सतीश का कहना है कि पानी में मिट्टी, बदबू और कचरा मिला हुआ आ रहा है जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक है। कमला, भतेरी, कमलेश, शीला ने बताया कि गंदे पानी की समस्या पिछले छह महीने से बनी हुई है।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस बारे में कई बार अवगत कराया गया लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया। कभी-कभार पाइपलाइन की जांच या सफाई की औपचारिकता कर दी जाती है लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर वही हो जाते हैं।
गंदे पानी के कारण बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ गया है। पेट दर्द, उल्टी-दस्त और त्वचा संबंधी बीमारियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। मजबूरी में कई परिवार बाहर से पीने का पानी खरीदने को मजबूर हैं जिससे उन पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
वर्जन
अभी तक ऐसी कोई समस्या की शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई समस्या है तो मौके पर कर्मचारियों को भेजकर समाधान करवाया जाएगा।
-नवीन नेहरा, जेई जनस्वास्थ्य विभाग जुलाना।