संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। करीब डेढ़ साल से खस्ताहाल में पड़े शहर के भिवानी रोड के दिन अब सुधरेंगे। इस सड़क पर दुकान चलाने और रहने वालों के लिए राहत भरी खबर है। इस सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है और दोनों साइडों में नाले का निर्माण होगा, जिससे सीवरेज की समस्या का स्थायी समाधान होगा, क्योंकि इस सड़क पर सीवरेज समस्या गंभीर है। इसके निर्माण पर दो करोड़ 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 7 मीटर चौड़ी सीमेंट कंक्रीट की सड़क और वॉल टू वॉल ब्लॉक लगाने का काम किया जाएगा।
600 मीटर लंबे भिवानी रोड़ के निर्माण कार्य को तय समय में पूरा करवाया जाएगा। इस सड़क पर दोनों साइड में नालों का निर्माण करवाने की दुकानदारों की मांग की थी, लेकिन निर्माण कर रही कंपनी केवल सड़क ही बना रही थी। इसको लेकर पिछले दिनों नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि डॉ. राज सैनी मौके पर पहुंचे थे, जिन्होंने संबंधित विभाग अधिकारियों को दोनों तरफ नालों का निर्माण करने को कहा था। डॉ. राज सैनी ने दुकानदारों को आश्वासन दिया था कि उनकी समस्या का समाधान कर दिया है, लेकिन अब भी सड़क को बिना नाले के बनाया जा रहा है। रविवार को दुकानदारों की मांग पर विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा भिवानी रोड पर पहुंचे। वहां आत्मानगर और वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने विधायक के समक्ष अनेक शिकायतें रखी, जिनमें सड़क निर्माण से पहले नालों का निर्माण करवाने और गलियों के सीवरेज कनेक्शन करवाने की मांग की गई। इस पर विधायक ने पीडब्ल्यूडी, नगर परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर तलब किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने विधायक को आश्वासन दिया कि भिवानी रोड पर कालोनीवासियों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। कालोनीवासियों ने जो भी समस्याएं रखी हैं, सड़क निर्माण के साथ उनका पहले निदान करवाया जाएगा।
अमृत योजना के तहत पाइप दबाने के लिए उखाड़ी थी सड़क
भिवानी रोड पर अमृत योजना के तहत सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य किया गया था, जिसके चलते सड़क की हालत बेहद खस्ता हो गई थी। दुकानदारों ने भाजपा विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा से मिलकर सड़क के निर्माण की मांग की थी। विधायक ने इस मांग को लेकर सड़क निर्माण के पुर्ननिर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से बैठक की थी। अब इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
सीवरेज समस्या को लेकर 4 बार जाम लगा चुके हैं लोग
भिवानी रोड पर सीवरेज समस्या गंभीर बनी हुई थी। इसको लेकर सड़क पर सीवरेज का पानी जमा रहता था। बारिश के दिनों में तो सीवरेज का पानी घरों में भी घुस जाता था। ऐसे में जन स्वास्थ्य विभाग के गंभीर नहीं होने पर लोगों ने डेढ़ साल में चार बार जाम लगाया और अधिकारियों को मौके पर बुलाया। सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा था, जिससे लोगों और दुकानदारों को राहत मिल सके।
पिछले दिनों नगर परिषद चेयरपर्सन के प्रतिनिधि डॉ. राज सैनी ने भिवानी रोड का दौरा किया था। उन्होंने दुकानदारों को कहा था कि दोनों तरफ नाले का निर्माण करवाया जाएगा, लेकिन उन्होंने दुकानदारों को झूठा आश्वासन दिया था। अब विधायक के निर्देश पर ही नालों का निर्माण करवाया जाएगा।
-संजय गोयल, पार्षद वार्ड-31
संजय कंस्ट्रक्शन कंपनी पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क के निर्माण कार्य को तय समय में पूरा किया जाए ताकि भिवानी रोड पर रहने वाले लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। इस कार्य में ढिलाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क निर्माण की गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
-डा. कृष्ण मिड्ढा, विधायक जींद।