जींद। नई अनाज मंडी जुलाना के आढ़ती से धान खरीद के नाम पर करीब 3.09 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने समालखा निवासी राजीव जैन और दिल्ली निवासी राकेश सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, धमकी और साजिश सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शामलो कलां निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नई अनाज मंडी जुलाना में उनकी आढ़त की दुकान है। नवंबर 2023 में राजीव जैन और राकेश सिंह दुकान पर आए थे। दोनों ने बताया कि वे आढ़तियों से फसल खरीदकर विदेशों में निर्यात करते हैं। उन्होंने बड़ी मात्रा में धान खरीदकर करनाल जिले के घरौंडा स्थित मिटास राइस मिल में पहुंचाने और 10 दिन में भुगतान करने का भरोसा दिया।
इसके बाद राजेश ने धान खरीदकर मिल में भेजना शुरू किया। शुरुआत में कुछ भुगतान किया गया लेकिन बाद में भुगतान रोक दिया गया। अप्रैल 2024 तक कारोबार करीब छह-सात करोड़ रुपये तक पहुंच गया जिसमें करीब तीन करोड़ रुपये बकाया रह गए। शिकायतकर्ता के अनुसार भुगतान मांगने पर राकेश सिंह ने दोबारा फोन करने पर जान से मरवाने की धमकी दी। थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को नामजद कर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।