फोटो 22जेएनडी09-बुधवार दोपहर को हुई बूंदाबांदी के बीच गुजरते हुए बाइक चालक। संवाद
जींद। जिले में बुधवार को सुबह से चल रही ठंडी पूर्वी हवाओं और दोपहर बाद हुई हल्की बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। दिनभर बादलों की आवाजाही के कारण तेज धूप नहीं निकली जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से राहत मिली।
बुधवार दोपहर बाद कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि बारिश अधिक देर तक नहीं चली लेकिन इससे वातावरण में ठंडक घुल गई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने आगामी तीन-चार दिनों तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई है जिससे किसानों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह सामान्य से थोड़ा अधिक रहा।
किसान रमेश, जुगलाल, सुमेर और रोशन का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होती है तो धान, बाजरा, कपास सहित अन्य खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे सिंचाई पर निर्भरता कम होगी और फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। किसानों ने बताया कि फिलहाल खरीफ फसलों को पानी की सख्त जरूरत है, जबकि धान की फसल कई स्थानों पर सूखने की कगार पर पहुंच रही है।
वर्जन
मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है। पूर्वी हवाओं के प्रभाव और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण अगले तीन से चार दिनों तक जिले में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जिले में अच्छी वर्षा दर्ज हो सकती है। मौसम के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को भी राहत मिलेगी।
-डॉ. राजेश, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद