04जेएनडी31: डॉ. सुमन कोहली नागरिक अस्पताल सफीदों की छत पर पानी की टंकी की जांच कर चिकित्सकों को
जींद। सफीदों के नागरिक अस्पताल में पेयजल व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क नजर आया। सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली व डिप्टी सीएमओ डॉ. पालेराम ने अस्पताल परिसर का दौरा कर छतों पर रखी पानी की टंकियों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टंकियों की साफ-सफाई, ढक्कनों की स्थिति और पेयजल की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी की टंकियों की नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए और सभी टंकियों को सही तरीके से ढककर रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की गंदगी या संक्रमण का खतरा न रहे।
सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने कहा कि पेयजल से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सरकार की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और सभी स्वास्थ्य संस्थानों में इनका पालन अनिवार्य है।
अस्पतालों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, क्योंकि यह सीधे मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है। उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिए कि टंकियों की समय-समय पर जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।