उचाना। सीएम नायब सैनी ने दाड़न खाप की मांग पर गांव पालवां में तालाब की रिटेनिग वॉल, एक शेड और एक कमरे का निर्माण करवाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि दाड़न खाप भवन की चहारदीवारी और ग्रिल का कार्य भी पूरा करवाया जाएगा। इसके अलावा, दाड़न खाप भवन में बरामदा-कम-हॉल का निर्माण भी करवाया जाएगा। पालवां में दाड़न खाप भवन में 40 केवी लोड बढ़ाने के लिए आवेदन करने पर विभागीय मानदंडों के अनुसार भवन में 40 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया जाएगा।
हरियाणा में संत-महात्माओं ने किया जन सेवा का पुनीत कार्य किया : धनखड़
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने धन्ना भगत की जयंती पर कहा कि हरि की धरा हरियाणा में अनेक संत-महात्माओं ने तपस्या कर जन सेवा का पुनीत कार्य किया है। संतों को आराध्य मानकर इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन सरकार कर रही है, जो समाज में समरसता का संदेश देता है।
वर्ष 2014 के बाद से देश में आया बड़ा बदलाव : मोहनलाल बड़ौली
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि वर्ष 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी है तबसे देश में विचारों, सामाजिक और मानसिक रूप से बड़ा बदलाव आया। हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों के विचारों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
पाठयक्रम की पुस्तकों में जोड़ा जाए श्री धन्ना भगत का जीवन: सुभाष बराला
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा, धन्ना भगत ने अपनी भक्ति से स्वयं भगवान श्री कृष्ण को प्रकट किया था और हम उसी धरती पर श्री धन्ना भगत की जयंती मना रहे हैं। उन्होंने सीएम से आग्रह किया कि धन्ना भगत के जीवन के बारे में पाठ्यक्रम की पुस्तकों में जोड़ने का काम करें, ताकि समाज, विशेष तौर पर भावी पीढ़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा मिले।
संतों के आदर्श आज भी मानव जीवन में प्रासंगिक : सांसद धर्मबीर
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि संतों के आदर्श आज भी मानव जीवन में प्रासंगिक हैं। समय-समय पर संतों के दिए उपदेश को अपनाकर व्यक्ति अपने साथ-साथ पूरे समाज के कल्याण का रास्ता खोजता रहा है।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, मंत्री महिपाल ढांडा, मंत्री अरविन्द शर्मा, मंत्री श्याम सिंह राणा, मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधानसभा उपाध्यक्ष डाॅ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक देवेंद्र अत्री, मीडिया को-ऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा मौजूद रहे।