जींद। शहर की नाडा कॉलोनी में गली का निर्माण पूरा होने से पहले ही उखड़ने के मामले में प्रशासन ने संज्ञान ले लिया है। इसको लेकर सीएम फ्लाइंग मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची।
वहां निर्माण सामग्री के सैंपल और नप कार्यालय से रिकॉर्ड कब्जे में लेकर रिपोर्ट मुख्यालय को सौंप दी है। वहीं, नगर परिषद ने भी इस मामले में कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम अधिकारी ऋषिकेश चौधरी और एमई अमित श्योकंद को मौके पर जाकर जांच करने के आदेश दिए।
दोनों ठेकेदारों को नोटिस देकर जवाब भी मांगा जाएगा। यह मामला सोमवार को समाधान शिविर में पहुंचा था, जिस पर अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद सीएम फ्लाइंग और नगर परिषद ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मंगलवार को उपनिरीक्षक बिजेंद्र बलहारा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय सीएम फ्लाइंग की टीम मौके पर पहुंची, जहां पर टीम ने लोगों से भी बातचीत की। वहीं, मौके पर निर्माण सामग्री के सैंपल लिए।
इसके बाद नगर परिषद कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया। फिर गली निर्माण से संबंधित नगर परिषद कार्यालय का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर मुख्यालय भेज दिया गया। वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त सुरेंद्र सिंह ने कार्यकारी अधिकारी ऋषिकेश चौधरी और एमई अमित श्योकंद को बुलाकर मामले को गंभीरता से लेने के आदेश जारी किए।
शहर की नाडा काॅलोनी एवं नवीनतम नाम चैतंग वैली में हाल ही बनीं नई गलियां टूटनी शुरू हो गई है। इनमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके कारण यहां पर कभी भी बड़ा हादसा होने की आंशका बन गई है।
इसको लेकर कॉलोनी के लोग समाधान शिविर में पहुंचे, जहां पर डीसी ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया था। कॉलोनी के लोगों ने आरोप लगाया था कि ठेकेदारों ने गलियों के निर्माण की धज्जियां उड़ाई। खाली प्लाॅट से मिट्टी उठाकर गलियों में डाल दी गई, जिससे खाली प्लाॅटों में भी गहरे गड्डे बन गए। वहीं, घटिया सामग्री का प्रयोग करने के कारण गलियां टूटनी भी शुरू हो गई।
वर्जन
गली निर्माण में घटिया सामग्री लगाने के मामले में कार्यकारी अधिकारी और एमई को मौके पर जांच के लिए भेजा गया था। वहीं, इस मामले में दोनों ठेकेदारों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। गली जहां-जहां से टूटी है, ठेकेदारों से ठीक करवाई जाएगी।
-सुरेंद्र सिंह, नगरायुक्त, नगर परिषद जींद
03जेएनडी12-गली के निर्माण में घटिया सामग्री लगाने के मामले का प्रमुखता से छापा गया समाचार। संवा