नरवाना। नगर परिषद ने शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की। इसकी शुरुआत करते हुए एसडीएम दलजीत सिंह ने कहा कि यह अभियान प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के निर्देशानुसार चलाया गया है।
उन्होंने बताया कि बेदी ने गत दिनों नरवाना शहर के लोगों की मांग पर नगर परिषद को साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि इसी संबंध में उनकी निगरानी में नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत नगर परिषद कर्मचारियों ने विश्वकर्मा चौक से सफाई मुहिम की शुरुआत की और इसके पश्चात केएम कॉलेज, नवदीप स्टेडियम की ओर सभी सर्विस लेन पर सफाई अभियान जारी रखा।
उन्होंने कहा कि यह मुहिम तब तक लगातार जारी रहेगी, जब तक शहर की सभी मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों तथा सभी गली मोहल्लों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी। एसडीएम के अनुसार विशेष सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के सौंदर्य करण को बढ़ावा देना है, ताकि दुरुस्त सफाई व्यवस्था की बदौलत शहर वासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुलभ रहे। साथ ही शहर वासियों को गंदगी की वजह से होने वाली बीमारियों से भी बचाया जा सके। इस दौरान सफाई निरीक्षक सुदीप नैन भी मौजूद रहे।