छात्र ने अध्यापक पर किया चाकू से हमला; FIR दर्ज
- फोटो : संवाद
जींद जिले के नरवाना में डीएवी स्कूल में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने फिजिक्स अध्यापक सतीश कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने छात्र के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
छात्र पहले भी शिक्षकों को दे चुका है धमकी
अध्यापक ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि एक किशोर डीएवी स्कूल में 12वीं कक्षा का आर्टस का छात्र है। वह झगड़ालू और अनुशासनहीन स्वभाव का है। छात्र ने पहले भी कई बार स्कूल के शिक्षकों को धमकी दी थी। उसे स्कूल से निष्कासित भी किया गया था।
व्हाट्सएप कॉल कर दी थी जान से मारने की धमकी
21 जुलाई की सुबह अध्यापक के व्हाट्सएप पर कॉल आई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शाम को छह बजे जब वह अपने घर जा रहे थे, तभी किशोर ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया।
जब अध्यापक ने पीछे मुड़कर देखा तो छात्र ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हमलावर छात्र मौके से भाग गया। यह पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। घायल अध्यापक को तुरंत सरकारी अस्पताल नरवाना ले जाया गया। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जींद रेफर कर दिया गया।