आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नसीहत देते सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान।
- फोटो : Jind
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में लगे आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब तक बहुत कुछ हो चुका है, लेकिन अब आगे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। किसी भी आउटसोर्सिंग कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो समझो उसकी नौकरी गई।
नागरिक अस्पताल में पहले कई मामले ऐसे सामने आए थे, जिनमें आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई थी। इसमें पिछले दिनों नागरिक अस्पताल की सबसे ऊपरी मंजिल पर मिली शराब की बोतलें, वाहनों के खड़े होने की अव्यवस्था तथा सफाई व्यवस्था शामिल थी। अब सिविल सर्जन ने सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की ड्यूटी भी बदल दी है। उन्होंने कहा कि जिसकी जो ड्यूटी है वह उसी पर तैनात रहे। ईमानदारी से अपना कार्य करें। रात को मौजूद सुरक्षा कर्मी हर समय अलर्ट रहें। कोई भी कर्मचारी रात को सोता हुआ मिला तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सप्ताह में एक दिन अस्पताल परिसर के चारों तरफ की सफाई भी जरूरी है। हर कर्मचारी वर्दी तथा आईडी कार्ड के साथ मिलना चाहिए। अस्पताल में हो रही बाइक चोरी के लिए आउटसोर्सिंग के तहत लगे सिक्योरिटी गार्ड पल्ला नहीं झाड़ सकते। उनकी भी ड्यूटी बनती है कि वह इसका ध्यान रखें। अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ शालीनता से पेश आएं और उनकी मदद करें। इस मौके पर एमएस डॉ. गोपाल गोयल, डॉ. रमेश पांचाल ने भी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को ड्यूटी को लेकर पाठ पढ़ाया।
डॉ. भोला की जगह डॉ. गोपाल गोयल को बनाया नोडल अधिकारी
सिविल सर्जन ने नागरिक अस्पताल की व्यवस्थाओं को बदले हुए आउटसोर्सिंग के नोडल अधिकारी को भी बदल दिया है। पहले इसके नोडल अधिकारी डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला थे, लेकिन अब उन्होंने एमएस डॉ. गोपाल गोयल को इसका नोडल अधिकारी बनाया है। इस पर डॉ. जयभगवान ने कहा कि कुछ व्यवस्थाओं को बदलने तथा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए छोटे-मोटे परिवर्तन किए गए हैं।