नागरिक अस्पताल प्रशासन ने अब एंबुलेंस चालकों को 12-12 घंटे ड्यूटी देने के निर्देश दिए हैं। अब तक एंबुलेंस चालक आठ-आठ घंटे ड्यूटी दे रहे थे। इस कारण अस्पताल में चालकों की कमी हो गई थी और एंबुलेंस बिना चालकों के खड़ी रहती थी। स्वास्थ्य निदेशालय ने अब इस ड्यूटी को 12-12 घंटे करने के निर्देश दिए ताकि सभी एंबुलेंसों को चालक मिल सकें।
नागरिक अस्पताल में फिलहाल 41 एंबुलेंस चालक कार्यरत हैं। नागरिक अस्पताल में 16 एंबुलेंस थी। छह नई एंबुलेंस भी अब ऑन रोड हो गई हैं। पुरानी 16 में से तीन एंबुलेंस को नागरिक अस्पताल ने कंडम घोषित कर दिया है। फिलहाल 19 एंबुलेंस ऐसी हैं जो चल रही हैं। यदि ड्राइवर आठ-आठ घंटे की ड्यूटी करते हैं तो तीन एंबुलेंस बिना चालकों के खड़ी रहती थी। अब स्वास्थ्य निदेशालय ने एंबुलेंस चालकों की 12-12 घंटे की ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। इसलिए तीन एंबुलेंस पर चार चालकों की जरूरत पड़ेगी। इस नए ड्यूटी रोस्टर के चलते सभी एंबुलेंस चलती रहेंगी तथा किसी ड्राइवर को छुट्टी की जरूरत रहेगी तो वह छुट्टी कर सकेगा। दो महीने पहले भी स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस चालकों के लिए 12-12 घंटे की ड्यूटी का रोस्टर जारी कर दिया था लेकिन उस समय चालकों ने इस श्रम कानूनों का उल्लंघन होने का हवाला देते हुए इसका विरोध कर दिया था। इस पर नोडल अधिकारी डॉ. राजेश भोला ने स्वास्थ्य महानिदेशक से इस बारे में मार्गदर्शन मांगा था। अब स्वास्थ्य निदेशालय ने सभी चालकों को 12-12 घंटे ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं ताकि ड्राइवरों की कमी के कारण कोई भी एंबुलेंस खड़ी नहीं रह सके।
स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देश पर नया ड्यूटी रोस्टर लागू किया
दो महीने पहले 12-12 घंटे की ड्यूटी का नया ड्यूटी रोस्टर लागू किया था लेकिन उस समय कर्मचारियों ने विरोध किया था। इस कारण नया ड्यूटी रोस्टर वापस लेना पड़ा था। अब स्वास्थ्य निदेशालय से ही एंबुलेंस चालकों से 12-12 घंटे की ड्यूटी लेने के निर्देश आए हैं। अब नया ड्यूटी रोस्टर लागू कर दिया है। इस नए ड्यूटी रोस्टर से सभी एंबुलेंस ऑन रोड रहेंगी। इसके अलावा नई आई छह एंबुलेंस के लिए चालकों की भी कमी पुराने चालकों से ही पूरी हो जाएगा। -डॉ. राजेश भोला, नोडल अधिकारी ट्रांसपोर्ट।