जींद। शहरवासियों को जल्द ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। शहर के सबसे व्यस्त कबीर चौक और दालमवाला चौक पर पहली बार ट्रैफिक लाइटें लगाई जाएंगी। इन दोनों चौकों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए 37 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर परिषद ने टेंडर जारी कर दिए हैं।
कबीर चौक और दालमवाला चौक पर दिनभर में 8 से 10 बार जाम की स्थिति बनती है। लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। यहां से प्रतिदिन 10 हजार वाहन गुजरते हैं। ट्रैफिक लाइट लगने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और हादसों पर भी रोक लगेगी।
सुबह स्कूल और कार्यालय समय के दौरान तो हालात और भी खराब हो जाते हैं। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ती है।
वर्तमान में शहर में केवल पुराना बस अड्डा और पटियाला चौक पर ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था है। इन स्थानों पर ट्रैफिक नियंत्रण होने से पहले की तुलना में काफी सुधार देखा गया है। इसी तर्ज पर अब कबीर चौक और दालमवाला चौक को भी सिग्नल प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
कबीर चौक से शहर से रोहतक की तरफ जाने वाले वाहनों व शहर में प्रवेश करने का मुख्य मार्ग है। वहीं दालमवाला चौक भी शहर के मध्य में होने के कारण शहरवासियों को प्रतिदिन यहां से आना जाना होता है।
चौकों पर हो चुके हैं छोटे-बड़े सड़क हादसे
ट्रैफिक लाइट लगने का सबसे बड़ा लाभ सड़क हादसों में कमी आना भी माना जाता है। कबीर चौक और दालमवाला चौक पर कई बार छोटे-बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। तेज गति और बिना नियंत्रण के वाहन निकलने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ट्रैफिक सिग्नल लगने से वाहन चालकों को रुकना और निर्धारित दिशा में चलना होगा, जिससे हादसों की संभावना काफी कम हो जाएगी।
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं का खतरा
यदि व्यस्त चौकों पर रेड लाइट व्यवस्था नहीं होती तो वाहन चालक अपनी सुविधा अनुसार निकलने का प्रयास करते हैं। इससे ट्रैफिक नियमों की अनदेखी बढ़ती है और जाम के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। कई बार मामूली टक्कर भी बड़े विवाद का कारण बन जाती है। ऐसे में आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था के तहत सिग्नल सिस्टम को आवश्यक माना जा रहा है।
रेड लाइट लगने शहर की यातायात व्यवस्था होगी सुचारु
कबीर चौक व दालमवाला चौक पर ट्रैफिक दबाव का आकलन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। रेड लाइट लगने से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इसके लिए टेंडर लगा दिया गया है। चार जून को टेंडर की बिड खोली जाएगी। इसके बाद एजेंसी से जल्द ही काम शुरू करवाया जाएगा ताकि शहर को जाम मुक्त किया जा सके।