20जेएनडी25-पुलिस गिरफ्त में लुटेरे गिरोह के चार सदस्य। संवाद
नरवाना। सीआईए स्टाफ ने लूटपाट गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह नरवाना, उकलाना और टोहाना एरिया में वाहन चालकों से लूटपाट करते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तिलक नगर टोहाना निवासी रवि कुमार, गांधी नगर टोहाना निवासी मनजीत उर्फ मन्नू, आजाद नगर टोहाना निवासी खुशी राम उर्फ शीनू और गांव लोन निवासी विशाल के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में चारों ने वाहन लूट की सात वारदातों को कबूल किया है।
सीआईए स्टाफ और थाना सदर नरवाना की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए खरड़वाल गांव के नजदीक मौजूद थी। टीम को सूचना मिली कि माह नवंबर, दिसंबर 2024 में नरवाना, उकलाना और टोहाना एरिया में काली स्कोर्पियो में सवार होकर लुटेरे गिरोह द्वारा वाहन चालकों के साथ लूट की वारदातें अंजाम दी गई थीं। वारदातों में शामिल चारों आरोपी टोहाना में आईजी कॉलेज के पास बैठे हुए हैं। इस पर सीआईए टीम ने छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके गिरोह का सरगना गांव कन्हड़ी निवासी सूरज और आजाद नगर टोहाना निवासी दिनेश उर्फ गोली किराये पर स्कोर्पियो गाड़ी लेकर आते थे। इसमें गिरोह के सात सदस्य सवार होकर रात को वाहन चालकों से लूट की वारदात को अंजाम देते थे। सूरज और दिनेश उर्फ गोली ने करीब एक माह पहले टोहाना में एक व्यापारी से 50 लाख की फिरौती मांगी थी। इसमें दोनों आरोपी गिरफ्तार हो गए थे और वो हिसार जेल में बंद हैं। सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि आरोपियों से लूट की अन्य वारदातों बारे पूछताछ जारी है।
बॉक्स
आरोपियों ने इन वारदातों को कबूला
30 जनवरी को खरड़वाल के पास टाटा एस चालक से 16 हजार और मोबाइल फोन, चार नवंबर को को बिठमड़ा से भीमेवाला रोड पर तूड़े से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली चालक से मोबाइल फोन और 3500 रुपये की नकदी, साढ़े तीन माह पहले समैन से बिठमड़ा रोड पर सब्जी से भरी पिकअप गाड़ी के चालक से मोबाइल फोन और नकदी, सवा तीन माह पहले समैन गांव के नजदीक आयशर कैंटर में सवार तीन व्यक्तियों से मोबाइल फोन और आठ हजार की नकदी, साढ़े तीन माह पहले टोहाना से नरवाना रोड पर राजस्थान नंबर की पिकअप गाड़ी के चालक को चोटें मार कर मोबाइल फोन और 11 हजार की नकदी, तीन माह पहले बिठमड़ा से सूरेवाला रोड पर तूड़े से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली चालक से मोबाइल फोन और रुपये छीने थे।