जींद। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को ऋषिकुल पब्लिक स्कूल में पुलिस की पाठशाला हुई। इसमें नशे से दूर रहो, साइबर फ्रॉड से बचो और आत्मविश्वास से आगे बढ़ो ये तीन सूत्र विद्यार्थियों को दिए गए। बच्चों ने नशा न करने की शपथ ली। साइबर अपराधों से बचाव के गुर सीखे। बच्चों के मेंटर डीएसपी संदीप सिंह बने। बच्चों से बोले, पढ़ाई हो या खेल, हर काम जुनून और आत्मविश्वास के साथ करो, यही सफलता की पहचान है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य राजीव गिल ने की। मुख्य अतिथि डीएसपी संदीप सिंह ने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है जो व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर देता है। इसकी शुरुआत अक्सर दोस्तों के दबाव या मस्ती के तौर पर होती है जो धीरे-धीरे जीवन को बर्बादी की ओर ले जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि वे अपने गांव, शहर या आस-पड़ोस में नशा करने या बेचने वालों की जानकारी पाते हैं तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ यातायात नियम और साइबर जानकारी पर प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई और सही जवाब देने वाले बच्चों को डायरी भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। अंत में नशामुक्ति टीम इंचार्ज उप निरीक्षक नरेश कुमार ने बच्चों और स्टाफ को नशा व साइबर अपराधों से दूर रहने की शपथ दिलाई।
साइबर फ्रॉड से बचाव के 5 आसान उपाय
-अनजान कॉल/लिंक पर क्लिक न करें।
-बैंक डिटेल या ओटीपी कभी साझा न करें।
-फर्जी नौकरी/इनाम के झांसे में न आएं।
-सोशल मीडिया पर निजी जानकारी न फैलाएं।
-धोखा होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।
09जेएनडी17: पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा नहीं करने की शपथ दिलवाते हुए।
09जेएनडी17: पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा नहीं करने की शपथ दिलवाते हुए।