child fall dawn from running train, saved
- फोटो : child fall dawn from running train, saved
पानीपत की तरफ जा रही रेलगाड़ी से हांसी ब्रांच नहर में गिरे बच्चे की पहचान हो गई है। रेलवे पुलिस ने शुक्रवार को बच्चे को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
बच्चे की पहचान गांव जमालपुर शेख टोहाना निवासी कर्ण के रुप में हुई। रेलवे पुलिस ने बच्चे को उसके दादा व दादी के हवाले कर दिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार वीरवार शाम को जींद से पानीपत सवारियों को लेकर जा रही रेलगाड़ी जब हांसी ब्रांच नहर पुल पर पहुंची तो इसी दौरान उसकी खिड़की से लगभग पांच वर्षीय बच्चा नहर में गिर गया।
इसी दौरान बच्चे को गिरा देख वहां पर मौजूद लोगों ने पानी में छलांग लगा दी और बच्चे को बाहर निकाला। रेलवे पुलिस ने बच्चे से उसके परिजनों के बारे में पता करना चाहा और पहचान होने पर उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।
शुक्रवार को बच्चे को लेने के लिए उसके दादा ओमप्रकाश तथा दादी शीला जींद रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और पुलिस ने जांच पड़ताल करके उनके हवाले कर दिया।
बच्चे के दादा ओमप्रकाश ने बताया कि उसका बेटा प्रेम किसी कार्य के लिए पानीपत जा रहा था। जब वह जींद रेलवे स्टेशन से पानीपत की गाड़ी में सवार हो गया और सीट पर ही सो गया।
इस दौरान उसके पास बैठा बेटा कर्ण उठकर खिड़की के पास चला गया। उसका पांव फिसल गया और वह नहर में गिर गया। नहर में पानी होने के चलते बच्चे की जान बच गई। अगर जमीन पर गिर जाता तो उसका बचना मुश्किल था।