सफीदों में मुख्यमंत्री की रैली के लिए तैयार किया गया स्टेज। संवाद
जींद। विधानसभा सफीदों की नई अनाज मंडी में शनिवार को विकास एवं धन्यवाद रैली को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे। रैली से पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम 12 बजे शुरू होगा जिसमें मुख्यमंत्री 2 बजे पहुंचेंगे। विधानसभा क्षेत्र में कई सुविधाओं के लिए सीएम 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की घोषणा करेंगे।
घोषणा में अनेक गांवों में स्कूलों के अपग्रेडेशन की मांग शामिल है ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिल सकें। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि खेड़ा खेमावती में पेयजल की सुविधा को बेहतर बनाने की मांग उठाई गई है। साथ ही सफीदों को जिला बनाने और 100 बेड के अस्पताल की स्थापना, पिल्लूखेड़ा को तहसील का दर्जा देने, पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना, आईएमटी के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण मांगें भी मांग पत्र में शामिल की गई हैं।
वहीं व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पांच डीएसपी भी रैली पर नजर बनाए रखेंगे। वहीं पांच अप्रैल को जींद में रैली प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री की रैली को लेकर धारा-163 लागू, ड्रोन उड़ाने और हथियार ले जाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।
रैली के लिए बनाए गए पंडाल
नई अनाज मंडी में रैली के लिए पंडाल की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों के लिए वीवीआईपी मंच बनाया गया है जबकि स्थानीय व अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए भी अलग से एक मंच बनाया गया है। पंडाल में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग- अलग ब्लाॅक स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड बनाया गया है।
सफीदों में मुख्यमंत्री की रैली के लिए तैयार किया गया स्टेज। संवाद