08जेएनडी13-जींद जंक्शन पर ट्रेन में सवार होते यात्री। संवाद
- फोटो : संवाद
जींद। दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर गुजरने वाली छिंदवाड़ा एक्सप्रेस अब सुपरफास्ट बनकर दौड़ेगी। रेलवे ने इस ट्रेन का नाम भी बदल दिया है और इसके किराये में भी इजाफा कर दिया है। अब यह ट्रेन नए नंबर से रवाना होगी। इस ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को नरवाना से जींद आने के लिए 45 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इससे पहले जींद से नरवाना तक 30 रुपये लगते थे।
रेलवे ने फिरोजपुर से सिओनी जाने वाली 14026 छिंदवाड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुपरफास्ट बना दिया है। अब यह ट्रेन 20424 नए नंबर से चलेगी। इस ट्रेन में सफर करने के लिए पासधारकों को भी 15 रुपये की अतिरिक्त टिकट लेनी पड़ेगी। जबकि इससे पहले यात्री अपने पास पर ट्रेन में सफर कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें भी आवागमन करने के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। हालांकि इस ट्रेन के ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया है। यह ट्रेन पहले वाले सभी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन को सुपरफास्ट बनने का यात्रियों को कोई फायदा नहीं मिलेगा, क्योंकि इस ट्रेन के ठहराव पहले की तरह है, लेकिन इसके किराये में बढ़ोतरी जरूर हो गई है। यात्रियों को सुविधा मिलने की बजाय रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।
फिरोजपुर और सिओनी के बीच करती है आवागमन
यह ट्रेन पंजाब के फिरोजपुर और सियोनी के बीच आवागमन करती है। इस ट्रेन का सबसे अधिक फायदा सरकारी और निजी दफ्तरों में काम करने वाले लोगों को होता है। यह ट्रेन सुबह आठ बजकर 23 मिनट पर फिरोजपुर की तरफ से नरवाना स्टेशन पहुंचती है। दो मिनट के ठहराव के बाद यह रवाना हो जाती है। इसके बाद यह आठ बजकर 37 मिनट पर उचाना स्टेशन पहुंच जाती है और फिर 8:56 बजे जींद जंक्शन पहुंच जाती है। इस ट्रेन में नरवाना, उचाना, जींद से सैकड़ों लोग अपने-अपने रोजगार पर जाते हैं, क्योंकि यह ट्रेन 10 बजे से पहले रोहतक जंक्शन भी पहुंचा देती है, जो कि कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधा है। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:34 बजे सिओनी स्टेशन पहुंच जाती है और उसके बाद 8:21 बजे सिओनी से फिरोजपुर के लिए रवाना होती है।
वर्जन
फिरोजपुर और सियोनी के बीच चलने वाली छिंदवाड़ा एक्सप्रेस अब सुपरफास्ट बनकर चलेगी। इस ट्रेन का नाम 20423,24 हो गया है और इस ट्रेन के किराये में भी बढ़ोतरी हो गई है।
जेएस कुंडू, अधीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद