जींद। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर और प्रदेश प्रभारी राम सिंह प्रजापति ने छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर बसपा कार्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के क्षेत्र में जो अमूल्य योगदान दिया, वह देश और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शाहूजी महाराज ने बहुजन समाज के उत्थान के लिए संघर्ष करते हुए हमेशा पिछड़े, शोषित, वंचित समाज को आगे बढ़ाने का कार्य किया। आज हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर समतामूलक समाज की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे छत्रपति शाहूजी महाराज के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाएं और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएं।
प्रदेश प्रभारी राम सिंह प्रजापति ने कहा बहन मायावती के शासनकाल में पिछड़े वर्ग को हर क्षेत्र में उचित हिस्सेदारी मिली और पिछड़े वर्ग में पैदा हुए महापुरुषों के सम्मान में उनके नाम पर विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थान खोले गए। बसपा सरकार में पिछड़े वर्ग को पूरा मान सम्मान मिला, जबकि भाजपा सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग को अनदेखा किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव सूरत सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मास्टर जिले सिंह कश्यप, जिला अध्यक्ष राकेश सिवानामाल, जिला उपाध्यक्ष पं नरेश गौतम, जिला प्रभारी मास्टर सत्यवान मांडी, जिला प्रभारी राजेश, जिला महासचिव रणधीर घोघडिय़ां, विधानसभा सफीदों के अध्यक्ष राजेश सिंघाना, सतबीर निडाना, जगसीर सुदकैन, रजत कलौदा, रामकिशन सिंघाना, प्रकाश मांडी और अमित किनाना भी मौजूद रहे।