जींद। भिड़ताना गांव के दो युवकों से ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर साढ़े 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में सोनीपत के धनाना निवासी संगम, मोहाली निवासी हरमनदीप उर्फ हरदीप, मुंबई के रिद्धि सिद्धि भवन गिरगांव निवासी प्रियंका, महाराष्ट्र के टू इंद्रा नंदी निवासी राम नागनाथ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
भिड़ताना निवासाी सोहित ने बताया कि वह जुलाई 2023 में अपने मामा के बेटे दीपक के साथ सोनीपत जिले के धनाना गांव निवासी संगम सिंह से मिला। उसने बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है। इस पर उसने और दीपक ने ऑस्ट्रेलिया जाने की इच्छा जताई। संगम ने उन्हें 22 लाख रुपये का खर्च बताया। उन्होंने उसे दो लाख रुपये और दस्तावेज दे दिए। संगम ने उनको 7 सितंबर को 2 लाख रुपये लेकर चंडीगढ़ बुलाया। वहां जाने पर ऑस्ट्रेलिया का टिकट बनने की जानकारी दी। उनको मोहाली निवासी हरमनदीप उर्फ हरदीप के पास होटल भेज दिया गया। हरमनदीप ने उसे ऑस्ट्रेलिया का वीजा देते हुए 16 सितंबर को अमृतसर से फ्लाइट होने की जानकारी दी।
15 सितंबर को वह अमृतसर पहुंचा तो उसे प्रियंका नामक महिला मिली। वह उन्हें एक होटल में ले गई और उनका पासपोर्ट, ऑस्ट्रेलिया का वीजा और टिकट दे दिया। इस पर उन्होंने तीन लाख रुपये उसे दे दिए। सभी दस्तावेज लेकर जब वह एयरपोर्ट पर पहुंचे तो अधिकारियों ने बताया कि उनका वीजा और टिकट जाली है। जब उसने संगम और हरमनदीप से संपर्क किया तो दोनों एयरपोर्ट पर पहुंच गए और उसे साथ ले गए।
उन्होंने 4 अक्तूबर को फोन कर कहा कि उनका बैंकाक का टिकट मिल गया है। वह अपने मामा के लड़के दीपक के साथ एयरपोर्ट पर गया और वहां पर उनसे एक लाख रुपये लिए गए। 5 अक्टूबर को वह अपने मामा के लड़के के साथ दिल्ली से बैंकाक पहुंच गया। वहां हरमनदीप ने उन्हें एक होटल में ठहराया। 17 अक्टूबर को आरोपियों ने नाना प्लाजा पर बुलाया और वहीं से ऑस्ट्रेलिया जाने की कार्रवाई शुरू करने के लिए कहा। इसके लिए छह लाख रुपये मांगे गए। उन दोनों ने छह-छह लाख रुपये का इंतजाम कर थाईलैंड और और ऑस्ट्रेलिया की करंसी में बदलवा लिया। 24 अक्तूबर को आरोपियों ने होटल में उनके पास जिस लड़के को भेजा था उसने उनको खाने में नशे की दवाई दे दी। इससे वह बेहोश हो गए। जब 25 को होश आया तो उनकी सारी करंसी चोरी मिली। उन्होंने संगम और हरमनदीप को इस बारे में बताया तो उन्हें ही धमकाने लगे। इसके बाद वह वापस मुंबई आए तो आरोपियों ने उनके परिजनों को झांसे में लेकर दोबारा से सीडीसी परमिट पर ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात कहते हुए ढाी लाख रुपये मांगे। इस तरह से आरोपियों ने उनसे 16 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी दीवान सिंह ने बताया कि संगम, हरमनदीप उर्फ हरदीप, प्रियंका, राम नागनाथ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।