जींद। टाटा कंपनी की जूडियो ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलवाने के नाम पर अज्ञात लोगों ने व्यापारी से 13 लाख 75 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित बाजार में कपड़ों की दुकान चलाता है। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में तांगा चौक निवासी दीपक वर्मा ने बताया कि उसने मुख्य बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान की है। कुछ समय पहले उसने टाटा कंपनी की जूडियो ब्रांड की फ्रेंचाइजी लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च कर उसकी ऑफिसियल साइट पर आवेदन किया था। कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर जूडियो ट्रेंट एलटीडी के नाम से फोन कॉल आई। 10 सितंबर को उनके पास ई-मेल आईडी फार्म भेजा गया, जिसे उन्होंने भरकर वापस भेज दिया। इसके बाद आवेदन मंजूर की मेल आई और 175500 रुपये की पंजीकरण फीस मांगने के साथ खाता नंबर भेजा गया। 17 सितंबर को उसने उनके दिए खाते में 1.75 लाख रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद उन्होंने मेल के जरिए सिक्योरिटी राशि के रूप में जमा करवाने के लिए एडवांस 7 लाख 50 हजार रुपये मांगे। उन्होंने यह राशि जमा करवा दी। 19 सितंबर को फिर से मेल आई और एनओसी के लिए चार लाख रुपये फीस मांगी। साथ में एनओसी का फार्म भेजा गया। उन्होंने इसके लिए भी रुपये जमा करवा दिए। इस तरह से आरोपियों ने उनसे 13.25 लाख रुपये ठग लिए। कुछ दिन के बाद उन्होंने लाइसेंस फीस के नाम पर 5.75 लाख रुपये की मांग की, तो उसको संदेह हुआ। उसने जूडियो कंपनी के टोल फ्री नंबर पर काल कर पूछा तो पता लगा कि उनके पास पेमेंट नहीं आई है। इसके बाद उन्होंने बैंक खाते की जानकारी निकलवाई तो वह मुंबई के बांदरा के मनीष के नाम से निकला। साइबर थाना पुलिस ने दीपक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।