जींद। क्रेडिट कार्ड के फ्री पॉइंट का ऑफर देने के झांसे में लेकर युवक के बैंक खाते से 97,546 रुपये ठग लिए। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में जुलाना निवासी नवीन कुमार ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। 17 अप्रैल को उसके मोबाइल पर कॉल आई और उसको बताया कि गया उसके क्रेडिट कार्ड पर फ्री पॉइंट का ऑफर आया है। इसके बाद उन्होंने उसके नंबर पर ओटीपी भेजा। इस दौरान व समझ गया कि उसके साथ कोई ठगी करने का प्रयास कर रहा है। उसने उनको न तो ओटीपी दिया और न ही बाद में बात की। इसके बाद उन्होंने अपना मोबाइल बंद कर दिया। जब कुछ समय बाद मोबाइल ऑन किया तो उसके खाते से 97546 रुपये कटने का संदेश आया मिला। इस मामले में साइबर थाना प्रभारी पूजा जाखड़ ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।