अर्बन इस्टेट निवासी युवक से अज्ञात व्यक्ति ने चाचा बनकर बात की और उसके खाते से 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। धोखाधड़ी होने की जानकारी होने पर युवक ने सिविल लाइन थाना पुलिस में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि निकालने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है।
अर्बन इस्टेट निवासी अक्षय ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास एक कॉल आई। जिसमें अज्ञात ने बताया कि वह उसका चाचा बोल रहा है। उसने कहा कि उसके पास कूपन है। वह 2 रुपये का बाउचर भेज रहा है। तुम उस पर क्लिक कर देना। फिर उतनी ही राशि वापस हो जाएगी। जब उसने क्लिक किया तो राशि वापस हो गई। उसके बाद बोला कि 25 हजार का कूपन है और उसके खाते में पैसे नहीं हैं। उसने दोस्तों से 10-10 हजार रुपये उधार लिए हुए हैं, इसलिए तुम उसके खाते में 25 हजार रुपये डाल दो। जब उसने 25 हजार रुपये डाले तो वह राशि वापस नहीं आई। जब उसने कहा कि राशि नहीं आई तो व्यक्ति बोला कि अपना आधार कार्ड और पेन कार्ड भेजो। फिर उसने अपने चाचा से बात की तो उसने कहा कि वह कोई और है। फिर उसने अज्ञात व्यक्ति के द्वारा की गई धोखाधड़ी के बारे में पता चला। जांच अधिकारी एएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि ठगने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।