संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बीच उचाना विधानसभा सीट को लेकर बयानबाजी जारी है। बीरेंद्र सिंह ने फिर अपनी बात दोहराते हुए कहा कि उचाना में कोई विकास नहीं हुआ है, ऐसे में यहां से इस बार दुष्यंत चौटाला चुनाव नहीं लड़ेंगे। डिप्टी सीएम ने जो उचाना में काम करवाए हैं, उनकी सूची बनाकर दें। एक साल में ही अगर हजार करोड़ के काम हो जाएं तो अलग बात है। आज तक कोई भी बड़े पांच काम ऐसे नहीं है, जो गिनवाए जा सकें।
बीरेंद्र सिंह शनिवार देर शाम को करसिंधु गांव में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम झूठ का पुलिंदा हैं, वह पहले भी कह चुके हैं और अब भी कहते हैं कि दुष्यंत चौटाला उचाना से चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उचाना से प्रेमलता ही विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी। उचाना के लोग भी अब दुष्यंत चौटाला से तंग आ चुके हैं। यभी लोग अब जान गए हैं कि बाहरी व्यक्ति उचाना में कोई विकास कार्य नहीं करवा सकता। बीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि करसिंधु, भगवानपुरा गांव में कई परिवारों ने जजपा छोड़कर उनकी अगुवाई में भाजपा में आस्था जताई है। इस मौके पर राममेहर दनौदा, राजेंद्र चहल, हरेंद्र सिंह, संजीव डूमरखा, सज्जन सिंह, श्रीकांत कसूहन, वीना राणा भी मौजूद रहे।