जींद। गांगोली से भागखेड़ा रोड पर कार सवार नशा तस्कर को सीआइए स्टाफ ने काबू कर उसके कब्जे से चार किलो 150 ग्राम चरस बरामद की है। चरस को हिमाचल प्रदेश से कार में तस्करी कर लाया जा रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान भागखेड़ा निवासी हरिकेश तौर पर हुई। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सीआईए स्टाफ को 22 मार्च को सूचना मिली थी कि गांव भागखेड़ा निवासी हरिकेश नशीले पदार्थों की तस्करी करता है और वह गांव तथा आसपास गांव में नशा बेचता है। वह हिमाचल से कार में नशा तस्करी कर गांव की ओर आने वाला है। इस सूचना पर सीआईए स्टाफ ने गांगोली-भागखेड़ा रोड पर निर्माणाधीन जम्मू-कटरा हाईवे के साथ नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। कुछ समय बाद गांव गांगोली की ओर से एक कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने कार को रूकवाकर उसकी तलाशी ली तो चालक की सीट के नीचे पॉलीथिन में एक पदार्थ मिला, जिसकी जांच करने पर चरस मिली। पुलिस ने जब चरस का वजन किया तो उसका वजन चार किलो 150 ग्राम मिला। जांच अधिकारी अनिल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी हरिकेश के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेशकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।