जींद। कंडेला गांव में सर्वजातीय खाप पंचायतों के राष्ट्रीय संयोजक व जन कल्याण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष टेकराम कंडेला की अध्यक्षता में कई खाप प्रतिनिधियों व जन कल्याण मंच के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें हिंदू मैरिज एक्ट में बदलाव, एक गांव एक गौत्र पर रोक लगाने और फसलों पर एमएसपी को कानूनी दर्जा देने के अलावा किसानों की स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करने की मांग उठाई गई। इन मांगों के संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में टेकराम कंडेला ने कहा कि देश के किसान और मजदूर की हालत खराब है। केंद्र सरकार से मांग है कि किसानों के कर्जे माफ किए जाएं, केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की भूमि अधिग्रहण की राशि बढ़ाई जानी बहुत आवश्यक है। देश की खाप पंचायतें प्राकृतिक खेती व मोटी खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूक कर रही है। पर्यावरण और जल बचाने के लिए खापें अहम योगदान दे रही हैं। युवाओं में नशे व दहेज प्रथा को रोकने पर काम कर रही हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मांग की कि देश की राजनीति में सुधार लाने के लिए ईमानदार व जमीन से जुड़े व्यक्तियों को चाहे वह खाप प्रतिनिधि व सामाजिक संगठन के लोगों को विधानसभा, लोकसभा या राज्यसभा देश के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया जाना चाहिए ताकि देश आगे बढ़े देश की सुरक्षा व अखंडता के लिए विदेश में 36 बिरादरी के भाईचारे को बनाने के लिए जोर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार को 28 फरवरी तक का अल्टीमेटम दिया और इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मार्च के महीने में पलवल की जाट धर्मशाला में खाप पंचायतों व जन कल्याण मंच के पदाधिकारियों व किसान मजदूर संगठनों की महापंचायत बुलाई जाएगी। इस महापंचायत की तिथि की घोषणा जल्द ही की जाएगी। इस संगठन को व महापंचायत को मजबूती देने के लिए कई पदाधिकारियों की घोषणा की। इस अवसर पर जगबीर, बादल, सुरेश, राजा, धर्मपाल, प्रेम, जगदीश, नरसी शर्मा, संदीप कौशिक, मोहन भारद्वाज, बीरा दालमवाला, अबेराम कंडेला मौजूद रहे।
कार्यकारिणी का विस्तार किया
इस दौरान कार्यकारिणी में विस्तार किया गया, जिसमें जनकल्याण मंच के जिला प्रधान कुलबीर ढिल्लों, उत्तर प्रदेश से अतर सिंह, पंजाब से मेजर सिंह, राजस्थान से मीर सिंह व बाबूलाल ढाका, राम भगत दिल्ली, राज बाबू चौहान महाराष्ट्र, मंच प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान, सह प्रभारी हरि सिंह नंबरदार, जोगिंद्र मलिक फरीदाबाद प्रभारी, हरपाल सैनी हरियाणा महासचिव नियुक्त किए गए। राकेश कुमार तिवारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए गए जबकि जसमेर पानीपत प्रभारी, दयानंद आर्य हरियाणा सचिव बनाया गया।