जींद। लोकल रूटों पर चक्कर मिस करने के मामले में आरटीए ने बरवाला रूट की पांच बसों के चालान किए हैं। यह निजी बसें समयसारिणी अनुसार अपने रूटों पर नहीं चल रही थी। आरटीए ने चालान कर निजी बस संचालकों को नोटिस जारी कर दिया है।
आरटीए ने चेतावनी दी है कि यदि अब भी संचालकों द्वारा बसों को समयसारिणी अनुसार नहीं चलाया तो उनके परमिट रद्द कर दिए जाएंगे। आरटीए ने यह कार्रवाई अमर उजाला द्वारा 28 दिसंबर को प्रकाशित किए गए समाचार के बाद की है। निजी बसों द्वारा चक्कर मिस करने के मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद आरटीए ने लोकल रूटों पर बसों को लेकर चेकिंग अभियान चलाया, जहां जांच के दौरान बरवाला रूटों पर पांच बसें ऐसी मिलीं जो रोजाना चक्कर मिस कर रहीं थीं। इस पर आरटीए की टीम ने कार्रवाई करते हुए बसों के चालान कर नोटिस जारी कर दिए।
आरटीए की टीम ने मोटरवाहन अधिकारी संजीव कौशिक के नेतृत्व में जींद से बरवाला, जींद से हांसी, जींद से असंध, जींद से गोहाना और जींद से नरवाना रूटों पर चेकिंग अभियान चलाया। आरटीए कार्यालय को शिकायत मिली थी कि लोकल रूटों पर निजी बसें चक्कर मिस कर रहीं हैं। यह बसें शाम के समय तीन-तीन बसों की सवारियां एक ही बस में ठूंस-ठूंसकर भरकर लेकर जाती हैं, जिससे यात्रियों को भी परेशानी होती है वहीं धुंध के मौसम में हादसे की भी आशंका रहती है। इसको लेकर प्रशासन को यात्रियों ने शिकायत भी की थी। इसके बाद आरटीए विभाग ने कार्रवाई करते हुए पांच निजी बसों पर कार्रवाई की है।
नरवाना रूट पर हो रहे ज्यादा चक्कर मिस
अड्डे पर नरवाना बूथ पर हर समय यात्रियों की भीड़ रहती है क्योंकि नरवाना रोड पर पड़ने वाले गांवों के अधिकतर लोग जींद शहर आते हैं। उनका पूरा दिन शहर की तरफ आवागमन रहता है। गांवों से शहर में काम करने वाले लोगों की तादाद भी काफी है। जींद से नरवाना रूट पर हर आठ मिनट में अड्डे से यात्रियों को लेकर बस रवाना होती है। वहीं शहर में भी काफी यात्री अपने घर जाने के लिए नरवाना रूट की बसों में सवार होते हैं लेकिन शाम के समय काम निपटाकर घरों की तरफ जाने वाले लोगों को बसें उपलब्ध नहीं हो पाती क्योंकि बसें चक्कर मिस कर देती है। इसके कारण उन्हें काफी देर तक बसों का इंतजार करना पड़ता है।
बरवाला रूट पर चलने वाली पांच निजी बसों के चालान किए हैं। निजी बसों के संचालकों को नोटिस जारी कर चेतावनी भी दी है। यदि आगे चक्कर मिस किए तो बसों के परमिट रद्द कर दिए जाएंगे। लोकल रूटों पर आरटीए टीम का चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
संजीव कौशिक, मोटर वाहन अधिकारी, जींद