जुलाना। कस्बे के बुढ़ाखेड़ा लाठर गांव के पास स्कूली बस ने बाइक में टक्कर मार दी जिसमें बाइक सवार की मौत हो गई। जुलाना थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
किलाजफरगढ़ गांव के रेलवे स्टेशन पर कार्यरत स्टेशन मास्टर 30 वर्षीय विजय बाइक से अपने गांव बुढ़ाखेड़ा लाठर की ओर सुबह साढ़े सात बजे जा रहे थे। उसी दौरान राजा वाली गोहर के बुढ़ाखेड़ा लाठर के चौराहे पर जब वह पहुंचे तो निजी स्कूल बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गंभीर अवस्था देखते हुए रोहतक पीजीआई ले जाया गया जहां पर विजय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक विजय के पिता रोहतास की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
विजय के पिता सेवानिवृत सैनिक हैं और घर में एक बहन है जो शादीशुदा है। विजय घर का इकलौता चिराग था। विजय की दर्दनाक मौत से घर का चिराग और एक बेटे के सिर से पिता और बहन के सिर से भाई का सहारा उठ गया। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
कांटेवाले से स्टेशन मास्टर तक का सफर
विजय लगभग आठ साल पहले रेलवे में कांटेवाले के पद पर कार्यरत थे। 2016 में उनकी ड्यूटी किलाजफरगढ़ में हो गई और विजय ने 2022 में परीक्षा देकर स्टेशन मास्टर का पद प्राप्त किया। लगभग छह साल तक किलाजफरगढ़ में ही नौकरी की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बुढ़ा खेड़ा गांव के पास एक बाइक और स्कूली बस की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-रामरूप लोहान, जांच अधिकारी जुलाना।
29जेएनडी05: बुढ़ाखेड़ा के पास क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद