बस स्टैंड पसिर में धूम्रपान करने वालों के अपनी टीम के साथ चालान करते डॉ. राजेश भोला। संवाद
- फोटो : Jind
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अभियान चलाया गया। इसके तहत नागरिक अस्पताल, सेक्टर आठ, बस अड्डा परिसर, डिफेंस कॉलोनी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के आसपास के क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पाए गए 13 लोगों के चालान किए गए। उनसे 2240 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इसके साथ ही उन लोगों को तंबाकू, धूम्रपान के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। अभियान का नेतृत्व नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने किया।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम लगातार चलाया जा रहा है। तंबाकू नियंत्रण नियम के तहत सार्वजनिक स्थान पर बीड़ी, सिगरेट या तंबाकू का सेवन करते हुए पाए जाने पर चालान किया जा रहा है। विशेषकर शिक्षा संस्थान के 100 मीटर के दायरे में बीड़ी, सिगरेट के बेचने पर भी प्रतिबंध है। यदि कोई ऐसा करता पाया जाता है तो उसका चालान किया जाएगा। इसके साथ-साथ 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी यह बेचना प्रतिबंधित है।
डॉ. भोला ने आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि हर कोई आज इस बात को अच्छी तरह से जानता है कि धूम्रपान का हमारे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। जो लोग धूम्रपान या तंबाकू का सेवन करते हैं उससे शारीरिक क्षति होने के साथ फेफड़ों और मुख का कैंसर सहित अन्य रोगों के होने का खतरा बना रहता है। जो लोग धूम्रपान करते हैं उन्हें इसे छोड़ने के लिए दृढ़ संकल्प होना चाहिए। स्वयं पर विश्वास रखते हुए इसे छोड़ने की योजना बनानी चाहिए।