जींद। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने दोपहर बाद लघु सचिवालय के सभागार में नौ शिकायतें सुनी। इनमें से अधिकतर का मौके पर ही समाधान किया गया। इस अवसर पर नगराधीश अमित कुमार, डीएसपी रवि खुंडिया, जितेन्द्र खटकड़, महिला पुलिस थाना प्रभारी घनश्याम देवी, पीओआईसीडीएस सीमा प्रसाद, कानून अधिकारी पूजा देवी, वन स्टॉॅप सेंटर से राजवंती देवी के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर चेयरपर्सन ने उपायुक्त डॉ मनोज कुमार व पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के साथ बैठक कर महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं को उन तक आसानी से पंहुचाने तथा महिलाओं को दिए जा रहे कानूनन अधिकारों को अविलंब उपलब्ध को लेकर उपायुक्त डॉ मनोज कुमार व पुलिस अधीक्षक से बातचीत की। एक शिकायत में सोनी के नाम पर उसके सुसर द्वारा प्रताड़ित करने को लेकर आई झूठी शिकायत पर चेयरपर्सन द्वारा संज्ञान लेते हुए परिवादी से पूछताछ करने पर पता चला कि यह शिकायत झूठी है और किसी ने गलत आईडी लगाकर शिकायत दर्ज करवाई है। इसलिए केस की जांच कर बंद करने के निर्देश दिये। एक अन्य शिकायत में एक महिला द्वारा कहा कि उनके पड़ोसी ने सीसीटीवी कैमरा लगाया हुआ है, जो कि उनकी निजी जिंदगी में दखल है। रेनू भाटिया ने कहा कि बिना सहमति के किसी के निजी जीवन में हस्तक्षेप करना गैर कानूनी है। इसके लिए पड़ोसी से माफीनामा लिखवाकर केस का समाधान किया गया। एक केस में चेयरपर्सन ने निर्देश दिए कि पति-पत्नी दोनों का नागरिक अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाया जाए और हिसार के निजी डॉक्टर द्वारा किए गए मेडिकल की भी तफ्तीश करवाएं। एक अन्य शिकायत के समाधान पर चेयरपर्सन ने लड़की के नाम पर उसको पिता को 21 लाख रुपये की फिक्स डिपोजिट करवाने के निर्देश दिए।