जींद। इंटरसिटी ट्रेन में सवार महिला के ट्राली बैग से जेवरात व सात हजार रुपये समेत पर्स चोरी हो गया। रेलवे थाना पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर 9 निवासी कमली ने रेलवे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बठिंडा से इंटरसिटी ट्रेन में सवार होकर जींद आ रही थी। उसने अपने ट्राली बैग को घुटनों के बीच में रखा हुआ था। बैग में कपड़े, नगदी, जेवरात व अन्य सामान था। टोहाना रेलवे स्टेशन से चार युवक डिब्बे में सवार हुए। युवकों ने उनसे जगह बनाने की बात कहते हुए ट्राली बैग को ऊपर बर्थ पर रख दिया। एक युवक बैग के साथ बैठ गया, जबकि तीन आगे खड़े हो गए। नरवाना स्टेशन पर तीनों युवक उतर कर चले गए। जब उसने जींद पहुंच पटियाला चौक से खरीदे गए सामान की राशि देने के लिए ट्राली बैग को खोला तो पर्स गायब था। पर्स में सात हजार रुपये, सोने की चेन, दो जोड़े बाली, आधार, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड था। महिला ने आरोप लगाया कि जो युवक उनके पास खड़े थे उन्होंने ही चोरी की है।